
कुल्लू। दो धड़ों में बंट चुके चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ में फिर से घमासान शुरू हो चुका है। पिछले माह जहां हिमाचल प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई ने इकाई का गठन कर अमर ठाकुर को जिला अध्यक्ष चुना है, वहीं अब इसी संगठन से अलग हुए प्रतिनिधियों ने विशाल हिमाचल प्रदेश राजकीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के चुनाव करवाने की घोषणा कर दी है। चुनाव दो जुलाई को होने जा रहे हैं। सोमवार को कुल्लू में हुई महासंघ की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
महासंघ के महासचिव दौलत राम ने बताया कि संघ के जिला अध्यक्ष लाल चंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया है। दो जुलाई को जिला कार्यकारिणी के चुनाव करवाए जाएंगे। चुनाव संघ के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष किशन लाल और कार्यकारी महासचिव हरी किशन शांडिल की देखरेख में होंगे। खंड स्तर के चुनाव पूर्व में तय किए कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। चुनाव के लिए सदस्यता अभियान छेड़ दिया गया है।
निष्कासन का दिया है जवाब : लालचंद
अब विशाल हिमाचल प्रदेश राजकीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष लाल चंद ने कहा कि निष्कासन के बाद उन्होंने इसका जवाब दे दिया है। चुनाव करवाए जाएंगे।
लालचंद को किया है निष्कासित : अमर
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष अमर ठाकुर ने कहा कि संघ के चुनाव 25 मई को संवैधानिक तौर पर राज्य पदाधिकारियों की देखरेख में हुए हैं। विशाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के चुनाव असंवैधानिक हैं और यह महज कर्मचारियों को गुमराह करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि लाल चंद को स्टेट कार्यकारिणी ने चार साल के लिए निष्कासित कर रखा है।
