
अंब (ऊना)। क्षेत्र के भैरा में शुक्रवार देर शाम चचेरे भाइयों में मामूली कहासुनी ने भयंकर मारपीट कर रूप धारण कर लिया। इसमें एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई को सरिए से पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया। वारदात में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को उपचार के लिए अंब स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करते हुए छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ओंकार चंद पुत्र वतन चंद निवासी भैरा ने अपने चचेरे भाई राकेश कुमार के खिलाफ अंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके एवं उसके चाचा के मध्य जमीन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चला हुआ है। शुक्रवार देर शाम वह अपने घर के आंगन में बैठा हुआ था। उसी समय उसके चाचा का लड़का राकेश उसके घर में आया एवं आंगन में पड़े सरिये से उसके बाएं कंधे पर वार कर दिया। इसी दौरान उसने कई बार उस पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर उसके पड़ोस के लोगों ने आकर बीच बचाव कर उसे बचाया। घटना के बाद पड़ोसियों ने निजी वाहन से उसे अंब चिकित्सालय पहुंचाया। उधर, अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि ओंकार की शिकायत पर राकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
