
खराहल (कुल्लू)। खराहल घाटी की बारी-पधरू-थरकू सड़क को पक्का करने का काम युद्ध स्तर पर जारी हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने पहले चरण में रिटेनिंग वॉल लगाने का कार्य पूरा कर लिया है।
दूसरे चरण में सड़क को पक्का करने का कार्य किया जाएगा। सड़क पक्की करने के लिए 1.35 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत वर्ष 2007 में हुआ था। सड़क की लंबाई करीब साढ़े तीन किलोमीटर है। सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू होने से ग्रामीण में खुशी की लहर है। सड़क के पक्का होने से करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों को फायदा होगा। लोगों को अब बरसात के समय में कीचड़ की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। वहीं, वाहन चालकों को भी बडे़-बड़े गड्ढों में हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। सेऊगी पंचायत प्रधान आशा ठाकुर, पूर्व प्रधान अनिल शर्मा, पूर्व प्रधान ईश्वरी शर्मा और वार्ड पंच कुसुम लता, डॉ. मोहन लाल शर्मा, महेश और कैलाश शर्मा ने कहा कि सड़क पर तारकोल बिछने से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। पक्की सड़क की सुविधा से इलाके के किसान-बागावान अपने उत्पादों को भी सुगमता से मंडियों तक पहुंचा सकेंगे। खराहल पंचायत के पूर्व प्रधान चुनी लाल शर्मा कहते हैं कि सड़क पक्की होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बिजली महादेव के मंदिर तक पहुंचने के लिए एक और सड़क का विकल्प होगा। इससे यातायात में बेहतर सुविधा भी मुहैया होगी। घाटी के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इसके लिए स्थानीय विधायक महेश्वर सिंह और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा लोनिवि का आभार जताया है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता विनय हाजरी ने बताया कि सड़क पक्की करने के लिए 1.35 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। पहले चरण में रिटनिंग वॉल का कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ किया जाएगा।
