
बड़सर (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के गांव चकमोह में एक बाबा की पत्थरों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोप में चकमोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बाबा की हत्या के बाद शव को सड़क की ओर घसीटा गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जब घटनास्थल तक पहुंची तो पक्षियों ने शव को नोच डाला था। पुलिस के मुताबिक बाबा की हत्या रविवार रात करीब 11 बजे हुई है। बताया जा रहा है कि बाबा को पत्थरों से पीट कर मारा है। बाबा चकमोह बाजार से कुछ दूरी पर बाबा झुग्गी बना कर रह रहा था। बाबा का नाम, स्थायी पते के बारे अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोग भंगड़िया बाबा के नाम से जानते थे। बाबा स्वयं को महाराष्ट्र के प्रतापगढ़ क्षेत्र का रहने वाला बताता था।
पुलिस को मौके पर एक बिस्कुट का पैकेट मिला है। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि रात को गांव के व्यक्तियों ने एक दुकान से बिस्कुट खरीदे थे। इसी आधार पर पुलिस ने चकमोह के तीन लोगों प्रदीप कुमार, बर्फी राम, केवल कुमार निवासी रायपुरी चकमोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा, एएसपी अरविंद चौधरी, एसएचओ बड़सर महेंद्र परमार, एसआई छोटे लाल टीम सहित मौके पर पहुंच गए थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई थी जिसने मौके से सबूत जुटाए हैं। डॉग स्कवायड के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया है।
घटना स्थल पर मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने चकमोह के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अभी घटनास्थल पर सबूत जुटाने में जुटी है।
