चकमोह में तेंदुए की दहशत से सहमे लोग

बिझड़ी ( हमीरपुर)। विकासखंड के अंतर्गत चकमोह में तेंदुए का आतंक दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। स्थानीय बाशिंदों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।
गौर रहे कि चकमोह पंचायत के वार्ड नं0 6, चकमोह में मंगलवार शाम तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बनाया है। साथ ही आंगन में बच्चे खेल रहे थे। स्थानीय निवासी सोमदत्त ने बताया कि उसका परिवार खाना खा रहा था तो कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनी। उन्होंने बाहर निकल कर देखा तो तेंदुआ कुत्ते को लेकर भाग चुका था। चकमोह के बल्ह नलोचां में गत सप्ताह जीत राम के कुत्ते को भी तेंदुए ने शिकार बनाया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए का आतंक काफी बढ़ गया है। ऐसे में लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग आरओ बिझड़ी, वोहरा राम का कहना है कि उनके पास शिकायत नहीं आई है। फिर भी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत है तो क्षेत्र में पिंजरा स्थापित कर दिया जाएगा।

Related posts