चंबोआ तलमेहड़ा में चोरों की दहशत

थानाकलां/बंगाणा (ऊना)। बंगाणा उपमंडल के तलमेहड़ा गांव में वीरवार रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर नकदी एवं सामान चुरा लिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना के संबंध में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घर की मालकिन आशा देवी ने बताया कि वीरवार रात वह लगभग दस बजे खाना खाकर मकान के सभी कमरों में ताला लगाकर सो गई। सुबह करीब चार बजे शोर सुनकर पता चला कि उनके तीन ट्रंकों को घर से निकाल कर पचास मीटर की दूरी पर पशुशाला में ताले तोड़ कर उनमें से गहने एवं नकदी चुरा ली गई है। आशा देवी के मकान के साथ लगते मकान के मालिक रजनीश पुत्र रुलिया राम चंबोआ तलमेहड़ा के घर के ताले तोड़कर वहां पर भी चोरी की कोशिश की गई है, लेकिन कमरे के लेंटर का कुछ भाग टूट कर रजनीश के बैडरूम में गिरा तो वे जाग गए, इससे अज्ञात चोर अलमारी का ताला तोड़े बिना ही घर से भाग कर उनकी मोटरसाइकिल का ताला तोड़ उसे लेकर वहां से भाग निकले। जब वे नलबाड़ी सुपर हाईवे के पास पहुंचे तो करीब दो बजे बंगाणा पुलिस ने रूटीन चैकिग के लिए नाका लगाया हुआ था। जब उन शातिरों ने पुलिस को देखा तो नाके के एक किलोमीटर पीछे मोटर साइकिल ढांक से नीचे गिरा दिया और वहां से भाग गए। सुबह स्थानीय प्रधान की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामदास कौशल, हैड कांस्टेबल रत्न चंद एवं हैड कांस्टेबल सदाशिव एवं सुरेंद्र ठाकुर ने घटना स्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आशा देवी पत्नी सतपाल गांव चंबोआ तलमेहड़ा के घर के ताले टूटे हुए हैं तथा दूसरी मंजिल से तीन ट्रंक निकालकर पचास मीटर की दूर पर पशुशाला में रखकर तोड़े गए हैं। आशा देवी के बयान के मुताबिक उन ट्रंकों में से 21 ग्राम सोना, सात सौ ग्राम चांदी और एक हजार रुपये की नकदी थी।

Related posts