
चंबा। जिला चंबा में बेरोजगारों की एक बड़ी फौज तैयार हो चुकी है। दिन प्रतिदिन पढ़े-लिखे युवाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, लेकिन नौक री के नाम पर उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हो रहा है। इस कारण बेरोजगार सड़कों की खाक छानने को मजबूर हो रहे हैं। मौजूदा समय में जिला चंबा में रोजगार कार्यालय में 57 हजार 512 युवा पंजीकृत हैं। इसमें 37 हजार 432 पुरुष व 20 हजार 80 महिलाएं शामिल हैं। सर्वाधिक बेरोजगार ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखने वाले हैं। रोजगार कार्यालय में ग्रामीण क्षेत्र के 51 हजार 642 युवा पंजीकृत हैं, जबकि शहरी क्षेत्र के पांच हजार 870 युवाओं ने अपना नाम पंजीकृत करवाया हैं। शिक्षा की बात करें तो वर्तमान में जिला में 2859 पोस्ट ग्रेजुएट और 6160 युवा ग्रेजुएट रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं। इसके अलावा जिला में 43 हजार 439 युवा दसवीं व जमा दो पास हैं। दसवीं व इससे नीचे 4671 युवा पंजीकृत हैं। 383 युवा अनपढ़ हैं, जो रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं। रोजगार कार्यालय में पंजीकृत इन शिक्षित बेरोजगार युवाओं में अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले 7756 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 13 हजार 75 युवा शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के 1630 व अन्य जातियों से संबंध रखने वाले 35 हजार 11 बेरोजगार पंजीकृत हैं। इसमें से रोजगार विभाग के माध्यम से कुल 682 युवाओं को रोजगार मिला हैं। निजी क्षेत्र में 672 को और सरकारी क्षेत्र में मात्र 10 युवाओं को ही नौकरी मिली है। हालांकि इस वर्ष सरकारी क्षेत्र में 192 पद स्वीकृत किए हैं। उधर, कार्यकारी जिला रोजगार अधिकारी पीएस चंबियाल ने बताया कि जिला में 57 हजार 512 युवा पंजीकृत हैं। इसमें से अक्तूबर, 2013 तक सरकारी क्षेत्र में कुल 10 पद भरे गए। निजी क्षेत्रों में 672 युवाओं को नौकरी प्रदान की गई।
