
चंबा । जिला अस्पताल में तीन माह से बंद पड़े जन औषधि केंद्र को खुलवाने के दावे साकार नहीं हो पाए हैं। लंबे समय बाद अस्पताल प्रशासन ने हिम्मत करके जन औषधि केंद्र का ताला तोड़ा था, इसके बाद इसके खुलने की उम्मीद जगी थी। वहीं सीएमओ चंबा ने जल्द ही इसके टेंडर जारी करने की बात कही थी, बावजूद इसके कार्रवाई आगे नहीं सरक पाई।
पिछले दो सप्ताह पहले फार्मासिस्ट की तैनाती को लेकर कार्रवाई शुरू करने के दावे किए जा रहे हैं। जन औषधि केंद्र के शुरू न होने के कारण अब गरीब मरीजों को दवाइयां निजी मेडिकल स्टोरों से लेनी पड़ रही हैं। इससे मरीजों को दवाइयां लेने पर अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ रहा है। 15 दिनों में अस्पताल प्रशासन फार्मासिस्ट की तैनाती करने के लिए कुछ भी नहीं कर पाया है। जन औषधि केंद्र तीन माह से बंद चल रहा है। इस कारण गरीब मरीजों को दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन अब अप्रैल माह में जन औषधि केंद्र को खोलने को कह रहा है। इस संबंध में एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि फार्मासिस्ट की तैनाती को लेकर कार्रवाई चल रही है। अप्रैल माह से पहले जन औषधि केंद्र को खोल दिया जाएगा।
