चंपावत में 15 से होगा गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव

चंपावत। ऐतिहासिक नगरी चंपावत में पहली बार आयोजित हो रहे गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 15 से 17 जून तक चलने वाले महोत्सव के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। आयोजन स्थल पर सरकारी विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने के लिए बाहरी जिलों तथा नगरों से प्रतिष्ठित टीमों को बुलाया जाएगा।
नगरपालिका के तत्वावधान में आयोजित हो रहे गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को यहां पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि 15 जून से तीन दिन तक चलने वाले ग्रीष्मोत्सव को गरिमामय बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। मुख्य समस्या वित्तीय संसाधनों की आ रही है। पालिकाध्यक्ष ने इसके लिए जिलाधिकारी तथा अन्य सरकारी विभागों के अधिकारियों से सहयोग की अपील की। आयोजन को सफल बनाने के लिए वित्त समिति, सांस्कृतिक समिति, खेल समिति, मंच निर्माण, मंच संचालन समिति, शांति व्यवस्था समिति का गठन किया गया। लकी ड्रा के लिए कूपन समिति भी बनाई जा रही है। आयोजन में स्थानीय स्कूलों के बच्चों की भागीदारी तय करने के लिए प्रधानाचार्यों के साथ शीघ्र बैठक होगी।
पालिका गठन के बाद पहली बार जिला मुख्यालय में यह आयोजन हो रहा है। इसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बैठक में श्याम नारायण पांडे, प्रो. बीडी सुतेड़ी, डा. डीडी जोशी, जीवन मेहता, भूपाल सिंह मेहता, भैरव राय, गोविंद बोहरा, नरेश राय, मोहित पाठक, निर्मला गहतोड़ी, श्याम कार्की, सभासद प्रकाश नाथ, गिरीश पांडे आदि मौजूद थे। संचालन राजेंद्र गहतोड़ी ने किया।

Related posts