
अमृतसर: एस.जी.पी.सी. प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि गलतफहमी के चलते हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात नहीं हो पाई, जबकि एस.जी.पी.सी. का शिष्टमंडल हुड्डा को ज्ञापन सौंपने में सफल रहा है।
उन्होंने अपमान की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वास्तव में वरिष्ठ अकाली नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा की गलती से गलतफहमी पैदा हुई। ‘पंजाब केसरी’ से बातचीत करते हुए मक्कड़ ने बताया कि हुड्डा के साथ उनकी सुबह 10.30 बजे मीटिंग निर्धारित हुई थी, वह चंडीगढ़ पहुंचने ही वाले थे कि मुख्यमंत्री सचिवालय से सूचना मिली कि 2 बजे का समय फाइनल हुआ है। उन्होंने बताया कि शिष्टमंडल ने हुड्डा को ज्ञापन सौंप दिया है।
उक्त ज्ञापन में हरियाणा में बसे 160 परिवारों का उल्लेख किया गया है, जिन्हें जमीन का मालिकाना हक दिए जाने का जिक्र किया गया है। फिलहाल एस.जी.पी.सी. ऐसे परिवारों, जिनकी जमीन छीनी जा चुकी है, को समस्त तरह की सुविधा व आर्थिक सहायता मुहैया करवा रही है। मक्कड़ ने बताया कि उक्त हरियाणा के सिखों ने बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया है, मेहनती किसानों ने हरियाणा के विकास में अहम योगदान डाला है, इसलिए उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
