चंडीगढ़ और दिल्ली में बनेंगे बौद्ध विहार : रवि

केलांग। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक मामले विभाग के संयुक्त तत्वाधान में केलांग में एक दिवसीय सूचना शिक्षा पर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसटी कमीशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक रवि ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से जनजातीय, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनके माध्यम से इन वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में 77 लाख 25 हजार रुपये का बजट लाहौल घाटी में खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ और दिल्ली में बौद्ध विहारों का निर्माण किया जाएगा। ठाकुर ने बताया कि रोहतांग सुरंग बन जाने पर जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके लिए वह केंद्र सरकार से पर्यटन के आधारभूत ढांचे के लिए विशेष बजट उपलब्ध करवाने के लिए आग्रह करेंगे। पर्यटन से घाटी के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर डीएसपी तेजेंद्र वर्मा, बीएमओ डॉ. रणजीत तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं तथा अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार अधिनियम तथा कन्या भ्रूण हत्या की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बच्चों की और से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। रवि ठाकुर ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

Related posts