
नौणी (सोलन)। 19वीं हिम गोल्ड हॉकी कप महिला प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मौसम खराब होने के कारण नहीं खेला गया। फाइनल में पहुंची चंडीगढ़ और कपूरथला की टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। हिम गोल्ड महिला हाकी प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य व बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार युवा खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है।
सोलन जिले के नौणी विश्वविद्यालय परिसर में छह करोड़ रुपये की लागत से हॉकी टर्फ का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऊना जिले में भी इसी प्रकार के हॉकी टर्फ का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों से खेल को व्यवसाय के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने थाइलैंड तथा अन्य टीमों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं अध्यक्ष हिम गोल्ड कप मीरा मोहंती, अतिरिक्त उपायुक्त सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक रमेश छाजटा, प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग अली रजा रिजवी, पूर्व विधायिका कृष्णा मोहिनी, कांग्रेस अध्यक्ष सोलन राहुल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार, सुरेंद्र सेठी, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अजय सिंह चौहान, महासचिव सरदार सिंह ठाकुर, सचिव जिला कांग्रेस संजय भंडारी, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता जगमोहन मल्होत्रा, विनोद जिंटा, विकास कालटा और गुरदेव सिंह मौजूद रहे।
