घिरथोली में दोमंजिला मकान में भड़की आग

बैजनाथ (कांगड़ा)। समीपवर्ती गांव घिरथोली निवासी ब्रह्म दास के घर की ऊपरी मंजिल आग की भेंट चढ़ गई। आग की सूचना लगते ही आसपास के घरों के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने कूहल में चल रहे पानी की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग का कारण बिजली तारों का शॉर्ट होना बताया जा रहा है। एसडीएम संदीप सूद ने मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया है। विधायक किशोरी लाल ने प्रभावितों की उचित सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना के समय घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। घर के मालिक ब्रह्म दास बद्दी में निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय उसकी पत्नी मीना देवी तथा तीनोें बच्चे घर से बाहर थे। मीना देवी ने बताया कि करीब दो बजे पड़ोसियों ने उन्हें घटना की सूचना दी और जब वह घर पहुंची तो ऊपरी मंजिल के दोनों कमरे और उसमें रखा सामान जल कर राख हो चुका था। आग में दोनोें कमरों में रखा सामान तथा कमरों की छतें जल कर राख हो गई हैं। मीना देवी के अनुसार घटना में करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। एसडीएम संदीप सूद ने बताया कि फौरी राहत के तौर पर प्रभावितों को राहत राशि दी गई है और राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद उचित सहायता प्रदान की जाएगी।

Related posts