घाटी में मौसम ने 15 साल का रिकार्ड तोड़ा

केलांग। घाटी में मौसम ने डेढ़ दशक का रिकार्ड तोड़ दिया है। बारिश के साथ चोटियों और ऊंचाई पर बसे रिहायशी इलाकों में बर्फ गिरने का क्रम जारी है। बुजुर्गों का दावा है कि घाटी में ठंड ने पिछले करीब डेढ़ दशकों का रिकार्ड तोड़ डाला है। शनिवार को बारिश की फुहारों के साथ ही रोहतांग दर्रा समेत घाटी की ऊंची चोटियों में ताजा बर्फबारी हुई है।
घाटी में दिन का पारा सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस गिर गया है। ठंड के कारण घाटी के ऊपरी पटन समेत, चंद्रा और तोदवैली में मटर बिजाई का काम प्रभावित हो रहा है। अमूमन मध्य मई माह तक घाटी की वादियों में हरियाली दस्तक देती है, लेकिन इस बार ठंड के कारण इसके दीदार को आंखें तरस गई है।
रविवार को घाटी के कोकसर में अधिकतम 11 और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री रिकार्ड किया गया। शनिवार को रोहतांग में दो इंच और इससे सटी चोटियों में करीब लगभग तीन इंच ताजा बर्फ गिरी है। ठंड के कारण घाटी में लोग फिर से गर्म वस्त्र पहने को मजबूर हो गए हैं।
सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल योगेश नायर ने बताया कि खराब मौसम के कारण रोहतांग में बारिश के साथ ही हल्के बर्फबारी का दौर जारी है। जिस कारण दर्रे पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। बुजुर्ग दोरजे, छेरिंग, तंडूप ने बताया कि मध्य मई माह में ऐसी ठंड करीब डेढ़ दशक पूर्व महसूस की गई थी। बागवानी विभाग के उपनिदेशक डा. सोनम का कहना है ठंड के कारण घाटी के ऊपरी हिस्सों में कृषि कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

Related posts