
ऊना। क्षेत्र के गांव बसाल में सोमवार तड़के एक बेकाबू ट्रक घर में जा घुसा। हादसे में घर के सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन घर की दीवारों को भारी क्षति पहुंची है। इसमें लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीत राम पुत्र राम जी दास निवासी चुरूडू ने बताया कि सोमवार तड़के वह अपने घर में सोए हुए थे कि अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक एचपी 20एफ 7311 उनके मकान से टकरा गया। अचानक हुए धमाके से घर के सदस्यों में हड़कंप मच गया। बाहर जाकर देखा तो एक ट्रक उनके घर की दीवार से टकरा गया है, जिससे उनके मकान को काफी क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक टकराने से मकान में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धारा 279 के तहत ट्रक चालक मोहम्मद ईशफाक निवासी बकोरी जिला रजौरी जम्मू (कश्मीर) के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
