
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल के गांव टीहरा में घर में घुसकर एक महिला के साथ बेरहमी से पिटाई की गई। इसमें महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई है। घायल महिला को मेडिकल एवं उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वारदात में आरोपियों ने महिला के घर की एक दीवार तक गिरा डाली, जिससे उसका काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर चार महिलाओं सहित 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाणा थाना के अधीन कर्मजीत कुमारी पत्नी कुलदीप चंद निवासी टीहरा खास ने शिकायत दर्ज करवाई कि गांव के रोशन लाल, बलवीर सिंह, अशोक कुमार, मिंटू, किशन चंद, कमला देवी, प्रवीण कुमारी, शकुंतला देवी, विवेक, रीता देवी एवं जीवन कुमार उनके घर में घुस आए और उनके साथ बहसबाजी करनी शुरू कर दी। इतने में सभी ने उस पर हमला कर दिया। इसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं। महिला ने बताया कि आरोपियों ने इसके घर की एक दीवार तक गिरा दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर 11 लोगों को नामजद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 325, 427, 451, 452 एवं 506 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
