
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के नंगल जरियालां में एक महिला के घर में घुस कर उसके साथ गाली गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उर्मिला ठाकुर पत्नी ओम प्रकाश निवासी नंगल जरियालां ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार मध्य रात्रि के बाद जब वह घर में सो रही थी तो राजीव कुमार उर्फ सोनू पुत्र अशोक कुमार निवासी नंगल जरियालां अपने साथ तीन चार अन्य व्यक्तियों को लेकर एक गाड़ी में आ धमका और शराब के नशे में उनके घर में घुस आया। महिला के विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। महिला ने खुद को और अपने परिवार को उक्त आरोपियों से खतरा बताया है। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में पांचो आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 451, 504, 506 और 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
