घर में घुसकर महिला को पीटा

बडूही (ऊना)। क्षेत्र के डगरोह में एक महिला से घर में घुस कर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में महिला बुरी तरह घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए पुलिस ने अस्पताल पहुंचा दिया है। इस संबंध में इसी गांव के निवासी मां-बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। बताया जा रहा है कि रास्ते में पानी फेंकने को लेकर मां-बेटे ने इस महिला पर हमला किया है।
पुलिस के अनुसार थाना बगंाणा क्षेत्र की भोला देवी पत्नी स्वर्गीय ज्ञान चंद निवासी डगरोह डाकघर सोहारी टकोली ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह शुक्रवार सायं अपने घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान दर्शना देवी पत्नी धर्म पाल एवं अमर कुमार उर्फ विक्की पुत्र धर्म पाल निवासी डगरोह उसके घर में घुस आए। दोनों ने रास्ते में पानी फेंके जाने को लेकर उसके साथ बहसबाजी शुरू कर दी, इसी दौरान दोनों गाली-गलौज पर उतर आए। भोला देवी के विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 451, 323, 504 और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलु को ध्यान में रखकर वारदात के संदर्भ जांच-पड़ताल करेगी।

Related posts