घरठूं में दो माह से लैंडलाइन सेवा ठप

नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत बूणी के घरठूं गांव में पिछले दो माह से दर्जनों लैंडलाइन फोन ठप पड़े हैं। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के प्रति अवगत भी करवाया लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति रोष है।
स्थानीय लोगों में राजकुमार, रणजीत सिंह, प्रेम चंद, सोनू आदि का कहना है कि गांव में दूरभाष सेवा दो माह से ठप पड़ी हुई है। लैंडलाइन फोन शोपीस बनकर रह गए हैं। समस्या के प्रति संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन विभाग ने समस्या के समाधान की जहमत नहीं उठाई है। लोगों का आरोप है कि फोन सेवा ठप होने के बावजूद निगम द्वारा बिल थमाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि उनके फोन तुरंत ठीक नहीं किए गए तो उन्हें मजबूरन फोन सेवा बंद करवाने पर मजबूर होना पड़ेगा। लोग बिलों का भुगतान भी नहीं करेंगे।
उधर, एसडीओ नादौन समीर कालरा ने माना कि पिछले कुछ समय से घरठूं गांव में लैंड लाइन सेवा चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि केबल चोरी होने से फोन सेवा ठप है। जल्द ही फोन सेवा को बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts