
नालागढ़ (सोलन)। केंद्र सरकार के इस माह के 26 फरवरी को प्रस्तुत होने वाले रेल बजट से हिमाचल को भी आस बंधी है। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने इस मामले को केंद्रीय रेलवे मंत्री से प्रमुखता से उठाया है और हिमाचल में रेलवे सुविधा की मांग को पुन: दोहराया है। बकौल सांसद वीरेंद्र कश्यप यदि घनौली देहरादून वाया नालागढ़ बद्दी, बरोटीवाला, कालाअंब, पांवटा साहिब रेलवे लाइन बनती है और इस ट्रैक पर रेल दौड़ती है तो इस रेलवे लाइन से एक तो प्रदेश के अधिकांश औद्योगिक क्षेत्र इस सुविधा से लाभान्वित होंगे। वहीं उद्योगपतियों को भी कच्चा माल लाने और तैयार माल ले जाने में सुविधा होगी। सांसद कश्यप ने कहा कि बीते वर्ष के रेलवे बजट में इस रेलवे लाईन को योजना आयोग की स्वीकृति के लिए भेजा गया था, लेकिन उसके बाद वह स्वयं रेल मंत्री पवन बंसल से भी मिले थे और इस मुलाकात के दौरान उन्होंने घनौली देहरादून व चंडीगढ़ बद्दी रेलवे लाइन का काम शुरू करने की बात कही थी।
