
नादौन (हमीरपुर)। घटिया किस्म के बीज मिलने की शिकायत किसान कृषि विभाग से करें। अगर कृषि विभाग से किसान ने बीज लिए हैं और घटिया पाए जाते हैं तो प्रदेश सरकार किसानों को मुआवजा देगी। ऊर्जा एवं कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने बड़ा में पत्रकार वार्ता में कहा कि अगर बीज बीजने के बाद किसान ने सही ढंग से उसकी देखरेख नहीं की होगी तो विभाग उसमें कुछ नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में दो मेगावाट के प्रोजेक्ट प्रदेश के लोगों को लगाने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। दो से पांच मेगावाट प्रोजेक्ट में भी प्रदेश के युवाओं को तरजीह दी जाएगी। इन प्रोजेक्टों को लगाने के लिए प्रदेशवासी 49 प्रतिशत शेयर में डलवा सकते हैं। बहुचर्चित धौलासिद्ध परियोजना के टेंडर हो चुके हैं। इस प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाने का प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास करेगी। पठानिया ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वह ग्राम सभाओं की बैठकों में बढ़-चढ़ कर भाग लें। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की बैठक में अपने हक के लिए बोलना सीखें। ग्राम सभा में प्रदेश सरकार के विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कृषि क्षेत्र में हाथ आजमाने चाहिए। रोजगार के लिए कृषि सबसे अच्छा विकल्प सिद्ध हो सकता है।
