
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के नलोह और सिक्करा दा परोह में हुए गोलीकांड तथा हत्या के विरोध में धीमान कल्याण महासंघ और स्वतंत्र किसान मोर्चा के पदाधिकारियों, सदस्यों और अन्य लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के प्रति रोष व्यक्त किया गया। उपमंडल में बढ़ रही आपराधिक वारदातों पर चिंता व्यक्त करते हुए संघ ने मांग की है कि कातिलों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाए। अंब में प्रशासन की नाक तले चल रही गोलियां, पीड़ितों को सहायता देने में असमर्थ प्रशासन, नौ दिन में दो गोलीकांड, पुलिस के मूकदर्शक बनने व सहमी हुई जनता के दर्द को बयां करते हुए संघ ने कहा कि ऐसे तो आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। कोई भी आकर गोली चलाता है और लूटपाट करता है। महिलाओं से छीनाझपटी की बढ़ती वारदातों ने महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। महासंघ के सांकेतिक धरना प्रदर्शन में कई लोगों ने भाग लिया। धरने पर बैठे धीमान सभा के मुख्य सलाहकार मस्तराम मस्कीन ने कहा कि आम जनता का प्रशासन से विश्वास उठ चुका है। लोग बहू बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं। मृतक अश्वनी कुमार की जिस प्रकार नलोह सड़क पर नकाबपोशों ने गर्दन में गोली मारकर निर्मम हत्या की है, इससे पूरे क्षेत्र में लोग दहशत के साये में जी रहे हैं। प्रदेश धीमान कल्याण महासभा, स्वतंत्र किसान मोर्चा और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से उपमंडलाधिकारी के कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना देने के बाद उपमंडलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। लोगों ने सड़कों पर उतरकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी। उपमंडलाधिकारी सुखदेव सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों और राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस भी पूरी सरगर्मी से कातिलों की तलाश में लगी है और जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। धरने पर बैठने वालों में ठाकुर सीता राम, मोहित कुमार, प्रमोद शर्मा, राजीव कौंडल, धर्मवीर, महेंद्र ठाकुर, रवि कुमार, सुरेश कौंडल, अशोक कौंडल, अशोक मेहता, राजवीर, सुनील शर्मा, रवि प्रकाश, नितिश कौंडल व ठाकुर धर्मपाल आदि शामिल थे।
