
ऊना। एक गांव एक दिन कार्यक्रम के तहत उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री हरोली विधानसभा क्षेत्र की गोंदपुर बुला पंचायत में ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्होंने गांव में रेन शेल्टर, शमशानघाट, युवाओं के जिम, विभिन्न रास्तों, गलियों के निर्माण और गुरु रविदास मंदिर के सौंदर्यीकरण के अलावा गुरुद्वारा के बाहर हाइमास्ट लाइटें लगाने के लिए 22 लाख रुपये देने का एलान किया। अग्निहोत्री ने कहा कि गांव के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इसे एक आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
भडियारा, गोंदपुर और लालूवाल के लिए अलग से पेयजल स्कीम बनाने की भी उन्होंने बात कही। सरकार टाहलीवाल में बिजली का डिविजन और पंजावर में सब डिविजन खोलने जा रही है। लालूवाल में बस अड्डा, भदसाली में नई सब्जी मंडी, हरोली में तहसीलदार कल्याण भवन, मिनी सचिवालय और पोलियां में विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। पूबोवाल में आईटीआई खोली जाएगी। दुलैहड़ में भव्य स्टेडियम के निर्माण के लिए 1.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 30 लाख रुपए की पहली किश्त जारी कर दी गई है। जल्द ही स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हरोली विधानसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक कारखाने खोले जाएंगे। आने वाले दिनों में यहां टेक्सटाइल पार्क और इंडस्ट्रियल पार्क भी स्थापित होंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, पंचायत प्रधान सतीश बिट्टू, उप प्रधान संदीप कु मार, बीडीसी सदस्य मीनाक्षी देवी और पोलियां के पूर्व प्रधान सुभाष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
