गैस के लिए तीन माह का इंतजार!

रामपुर बुशहर/ज्यूरी। इंडियन आयल कारपोरेशन से गैस की पर्याप्त सप्लाई न मिलने से रामपुर के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। पहले महीने में दो बार गैस मिलती थी, लेकिन अब उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए ढाई से तीन महीने का इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने सरकार से मामले में मध्यस्थता करके यहां के लिए पर्याप्त गैस उपलब्ध करवाने की मांग की है।
रामपुर गैस एजेंसी के तहत करीब तीस हजार उपभोक्ता आते हैं। यहां उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। कारण, इंडियन आयल कारपोरेशन से कम सप्लाई आना बताया जा रहा है। पहले कभी यहां के उपभोक्ताओं को महीने में दो बार भी सिलेंडर मिलते थे, लेकिन अब एक सिलेंडर ढाई से तीन महीने के अंतराल में मिल रहा है। ऐसे में घरों में खाना बनाना मुश्किल हो जाता है। लकड़ी कटान पर प्रतिबंध के चलते अब खाना पकाने के लिए गैस ही एकमात्र साधन है, लेकिन कई-कई महीने सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को अब गैस कनेक्शन के साथ इंडक्शन चूल्हे भी रखने पड़ रहे हैं। सवाल यह है कि जब लोगों ने गैस कनेक्शन ले रखे हैं तो वे इंडक्शन पर खाना क्यों पकाएं? लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध करवाना गैस एजेंसी और आईओसी का दायित्व है। उधर, रामपुर के साथ ही ज्यूरी, ननखड़ी और निरमंड में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक बीएस नेंटा ने कहा कि रामपुर के लिए कम गैस आ रही है। इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले में आईओसी से बात की जाएगी और रामपुर को पर्याप्त सप्लाई भिजवाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Related posts