गैर उद्यमियों की समिति कराए चुनाव

मैहतपुर (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर उपजा विवाद अभी शांत होता दिखाई नहीं दे रहा है। 16 अप्रैल को उद्योग संघ के चुनाव को लेकर स्थानीय उद्यमियों के आपसी विवाद के बाद चुनाव नहीं हो पाए हैं। लेकिन, सेवा सदन में जमा हुए उद्यमियों ने विवाद को खत्म करने के लिए आम सहमति से नई कार्यकारिणी बनाने के अहम सुझाव दिए हैं। बढ़ते तनाव को शांत करने के लिए उद्यमियों ने एक माह के भीतर हाउस बुलाकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है। चुनाव संबंधी दस्तावेजों की फाइल छीने जाने के बाद कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को नये सिरे से शुरू किया जा सकता है। उद्यमियों ने सुझाव देते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया के लिए स्थानीय उद्यमियों की चुनाव समिति के गठन की बजाए गैर उद्योगपतियों में से चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाने चाहिए। सूत्रों के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र में चुनाव को लेकर मौजूदा माहौल के बिगड़ने की अहम वजह चुनाव कमेटी के कुछेक सदस्यों का पक्षपातपूर्ण रवैया भी रहा है। फाइल झपटकर ले जाने वाले युवा उद्यमी अनिल दत्त की मानें तो चुनाव कमेटी को एक प्रत्याशी की बाबत बार-बार तथ्य बताने के बावजूद जब उनकी एक न सुनी गई तो उन्हें यह कदम उठाना पड़ा था। मौजूदा माहौल को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र के वरिष्ठ उद्यमियों ने खेमेबंदी को दूर करने के प्रयास तेज कर दिए हैं और एक महीने के भीतर हाउस बुलाकर आगामी रणनीति तय करने का फैसला लिया है। उद्यमी बलतेज इंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष पंडित पीसी शर्मा, पूर्व अध्यक्ष बलराम चंदेल, निवर्तमान अध्यक्ष सीआर कौशल, अनिल सपाटिया, शम्मी जैन, दिलबाग सिंह समेत अन्य उद्यमियों ने माहौल के बिगड़ने पर खेद जताया है।

Related posts