गैमन इंडिया कांप्लेक्स में आग

कुल्लू(भाग सिंह)सैंज में गैमन इंडिया कंपनी के कांप्लेक्स में आग भड़क गई। इस अग्निकांड में हजारों रुपयों का सामान सहित 26 हजार रुपये की नकदी भी जलकर राख हो गई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कड़ी मशक्कत के बाद कंपनी के मजदूरों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक गैम इंडिया कंपनी के कांप्लेक्स में रविवार को अचानक आग भड़की और कांप्लेक्स के कमरे राख हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते चार कमरे जलकर राख के ढेर में तबदील हो गए। बाद में कंपनी के मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अन्य कमरों को जलने से बचा लिया गया। आग की इस घटना में अस्सी हजार के करीब का सामान जलकर राख हो गया है। जबकि, 26 हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई है।
इसकी जानकारी डीएसपी संजय शर्मा ने दी है। डीएसपी ने बताया कि इस आग की घटना में गैमन इंडिया कंपनी के कांप्लेक्स के चार कमरे जलकर राख हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से दो कमरों में सिक्योरिटी गार्ड और दो कमरों में मजदूर रहते थे। खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts