
कुल्लू। नगर परिषद के सौजन्य से गृहकर में की गई बढ़ोतरी को लेकर वार्ड-11 के पार्षद महेंद्र सिंह शौंडा उग्र हो गए हैं। उन्होंने इसका विरोध करते हुए नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाई है। उन्होंने कहा कि गृह कर बढ़ाने के मुद्दे पर 12 सितंबर को अध्यक्ष द्वारा बुलाई बैठक में कुछ पार्षदों ने सुझाव रखे थे कि गृह कर को लागू करने के लिए स्लैब तय किया जाए। इसमें आवास के हिसाब से कर निर्धारित करने का आग्रह किया था। इसी आधार पर व्यवसायिक भवनों के कर भी तय करने की मांग की थी। यह सुझाव जनता की सुविधा के लिए दिए गए थे।
उन्होंने कहा कि कर में छूट केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को होनी चाहिए जिनके पास केवल एक या दो कमरे हैं। कहा है कि यह पहला मौका नहीं है कि पार्षदों के सुझावों की अनदेखी हुई हो। इसे पूर्व भी उनकी बाताें को नहीं सुना गया।
नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि नए सर्वे के तहत और हाउस में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर हाउस टैक्स लगा गया है। नप ने सरकार के आदेशों का पालन करते हुए जारी मापदंडों के तहत इसे पास किया है। बावजूद अगर किसी को सर्वे में किसी तरह की आपत्ति है उसे सुनवाई के लिए समय दिया जाएगा। 1994 की नोटिफिकेशन के तहत इसे जारी किया है।
