
हमीरपुर। टैक्स न चुकाने वाले परिवारों को अब सस्ता राशन भी नहीं मिलेगा। नगर परिषद ने डिफाल्टरों के नए राशनकार्ड बनाने से हाथ खींच लिए हैं। इनसे लाखों के टैक्स हाउस की वसूली की जानी है। बार-बार आग्रह के बाद भी परिवार टैक्स नहीं चुका रहे हैं। नप ने डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इसमें साफ है कि टैक्स नहीं चुकाने वालों के राशनकार्ड अब नहीं बनेंगे, यानि इन्हें सस्ता राशन नहीं मिलेगा। नप के नए फरमानों से उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति है। मौजूदा समय में करीब 4500 परिवारों ने हाउस टैक्स दबा रखा है। इन परिवारों से 70 लाख के करीब टैक्स की वसूली की जानी है।
इधर, नए राशनकार्ड के लिए दूसरी शर्तें भी लागू की हैं। राशनकार्ड के लिए अब संबंधित व्यक्ति के पिता का एफेडेविट होना जरूरी है। अलग चूल्हा और अलग कमरा दिखाना भी अनिवार्य होगा। सस्ते राशन के लिए डिफाल्टर परिवारों को पेंडिंग टैक्स का भुगतान करना ही होगा। नए राशनकार्डों के लिए राशनकार्ड धारक को पिता का एफेडेविट दिखाना अनिवार्य होगा। यदि ये औपचारिकताएं कोई परिवार पूरी नहीं कर पाता है तो वह परिवार भी सस्ते राशन की सुविधा से वंचित रहेगा।
इसकेे लिए नप ने जांच कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी नए राशनकार्ड धारकों की पूरी जांच पड़ताल करने के बाद ही नए राशन कार्ड को हरी झंडी दिखाएगी। जांच कमेटी की सहमति से ही नए या अलग हुए परिवारों को नए राशनकार्ड मिल सकेंगे। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष दीप कुमार बजाज का कहना है कि सालों से हाउस टैक्स और किराया न चुकाने वाले परिवारों के राशन कार्ड नहीं बनेंगे। नए परिवारों को नए राशनकार्ड कमेटी की सहमति पर ही जारी किए जाएंगे। परिवारों को हाउस टैक्स चुकाना ही होगा। नए राशनकार्ड तभी जारी किए जाएंगे।
