गृहकर डिफाल्टरों पर कसेगा शिकंजा

परवाणू (सोलन)। अब परवाणू में गृहकर चोरी करने वालों पर नगर परिषद शिकंजा कसेगी। परिषद अब तक पिछले रिकार्ड के अनुसार ही टैक्स की वसूली कर रही है। जबकि शहर कई गुना विकसित हो चुका है। कई ऐसे डिफाल्टर भी हैं जिन्होंने वर्षों से टैक्स जमा करवाना मुनासिब नहीं समझा। न ही वे परिषद को अपनी सही स्थिति बताते हैं। इन्हीं टैक्स चोरों का अब सर्वेक्षण किया जाएगा और मौजूदा स्थिति के अनुसार टैक्स वसूला जाएगा। इसके लिए नप ने दो टीमें गठित की हैं। ये टीमें शहर का मुआयना कर प्रत्येक घर की स्थिति से नगर परिषद को अवगत कराएगी। इससे नगर परिषद की आमदनी में भी इजाफा होगा। इसकी पुष्टि नगर परिषद परवाणू के ईओ अजमेर सिंह ने की।

विकास पर खर्च होगी टैक्स की राशि
टैक्स के रूप में जमा होने वाली राशि को नप विकास कार्यों पर खर्च करेगी। नप में अब तक की गई टैक्स वसूली में से साठ लाख रुपये शहर की सड़कों की टायरिंग पर खर्च करेगी। इससे शहर के सेक्टरों की करीब 10 किलोमीटर सड़कों पर अप्रैल माह से टायरिंग का कार्य शुरू हो रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।

Related posts