
डरबन: दक्षिण अफ्रीका के भारतीय बहुल उपनगर फिनिक्स में एक 25 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी-भारतीय ने घरेलू विवाद के बाद चाकू मारकर अपने पिता की हत्या कर दी। डरबन के उत्तर में स्थित फिनिक्स में रहने वाले आरोपी के पड़ोसियों के अनुसार डैरेन पदयाची ने एक घरेलू विवाद के बाद अपने 46 वर्षीय पिता बेंजामिन मूडले के दिल पर चाकू से वार किया जिससे उनकी मौत हो गई।
मूडले ने हत्या के एक मामले में 20 साल की जेल की सजा काटने के बाद पिछले साल अपने परिवार के साथ सुलह की थी। घटना पदयाची की बहन रिशेल के घर पर हुई। रिशेल ने कहा, ‘हम इस घटना को लेकर सदमे में हैं।’ पदयाची कल अदालत में पेश हुआ जहां उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई। रिशेल ने कहा, ‘जब हम बहुत छोटे थे तब हमारे पिता जेल चले गए थे, इस वजह से हम उन्हें सही से समझ नहीं सके। और वह सब कुछ सुधारने की कोशिश कर रहे थे और दोबारा से अपनी जिंदगी ढर्रे पर लाना चाहते थे।’
उसने बताया कि डैरेन घटना के समय अपनी प्रेमिका ऐन्ड्रिया से लड़ाई कर रहा था जब उसके पिता ने बीच-बचाव किया। डैरेन ने कथित तौर पर अपने पिता के दिल में चाकू घोंप दिया जिससे उनके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया। लेकिन रिशेल का कहना है कि उसका भाई एक ‘शांत स्वभाव का इंसान’ है और यह घटना ‘गुस्से में हुई घटना’ थी। मृतक का परिवार इस सप्ताहांत जोर शोर से फादर्स डे मनाने की तैयारी कर रहा था लेकिन अब खुशियों की जगह मातम ने ले ली और परिवार अब दाह संस्कार की तैयारियों और अदालती पेशी में लगा है।
