गुस्साए लोगों ने चार घंटे किया चक्का जाम

बंजार (कुल्लू)। सिंधवा अग्निकांड के बाद गुस्साए बंजारवासियों ने चार घंटे तक औट-लुहरी राज्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। लंबे समय से बंजार विस क्षेत्र के लोग अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को सभी सरकारों की ओर से नजर अंदाज किया जा रहा है। सिंधवा में मंगलवार देर रात दो घरों में भड़की आग के बाद गुस्साए लोगों ने बुधवार सुबह नौ से एक बजे तक औट-लुहरी मार्ग पर यातायात सेवा ठप रखी। जब बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्ण सिंह घटना स्थल पर पहुंचे, तब जाकर मार्ग बहाल किया गया। स्थानीय लोगों ने विधायक कर्ण सिंह के समक्ष अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग रखी। विधायक ने क्षेत्रवासियों को 31 मार्च तक बंजार में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनके साथ एनएचपीसी के चीफ इंजीनियर दिनेश साहनी भी मौजूद रहे। विधायक कर्ण सिंह ने पीड़ित परिवारों का दुख भी साझा किया और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि बंजारवासियों की समस्या और अग्निकांड के क्रम को देखते हुए 31 मार्च 2014 से पहले-पहले स्थायी तौर पर बंजार में अग्निशमन केंद्र स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक वाहन लारजी में भी रखा जाएगा। इस मौके पर एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा, तहसीलदार रमन गढ़संगी, एसएचओ बंजार चिंत राम शर्मा सहित विभाग अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related posts