गुशैणी-जमाला वायरल की चपेट में

बंजार (कुल्लू)। बंजार घाटी के तहत पड़ने वाले गुशैणी और जमाला गांव इन दिनों वायरल फीवर की चपेट में आ गए हैं। इस बीमारी से डेढ़ सौ के करीब लोग ग्रस्त हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की।
जानकारी के मुताबिक तीन दिन से गुशैणी और जमाला गांव में 130 लोगों को वायरल फीवर हुआ है। गांव के अन्य लोगों को भी बीमारी फैलने का डर सताने लगा है। गांव के लोगों ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को वायरल फीवर फैलने की सूचना दी। सोमवार को जिला के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा, कार्यकारी बीएमओ बंजार राजेश बौद्ध और गुशैणी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल जंबाल तथा लैब तकनीशियन मौके पर पहुंचे और तमाम घरों में जाकर मरीजों के स्वास्थ्य को जांचा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। गुशैणी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल जंबाल ने लोगों को सलाह दी है कि वायरल फीवर होने पर घबराने की कोई बात नहीं है। अगर बुखार की शिकायत हो तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग में जाकर अपना इलाज करवाएं। उन्होंने लोगों को बीमार होने पर पैरासीटामोल दवाई का सेवन और पानी उबालकर कर पीने तथा ठंड से बचने की सलाह दी है। डॉ. जंबाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वायरल फीवर की चपेट में आए सभी लोगों की जांच कर उन्हें दवाइयां दे दी हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान आईपीएच विभाग को भी अवगत करवाया गया और महकमे के फिटर ने मौके पर पानी के टैंकों में क्लोरीन दवाई डाल दी है।

Related posts