गुरु और शिष्य के रिश्ते को उजागर किया

ऊना। जिला भर के सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में शिक्षक दिवस की धूम रही। डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस सर्वपल्ली डा. राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया गया। हैड गर्ल अंकिता पाल ने शिक्षकों का स्वागत किया एवं शिक्षक के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान शिक्षकों के मनोरंजन के लिए कुर्सी दौड़, टाई बांधना, गुब्बारा फुलाना आदि स्पर्धा करवाई गई। प्राचार्य अतुल महाजन ने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवेश में शिक्षकों की भूमिका अहम है। वहीं वरिष्ठ पब्लिक स्कूल में दसवीं के छात्रों ने अध्यापकों का कार्यभार बखूबी संभाला। इस मौके पर स्कूल में छात्रों ने अध्यापकों के लिए क्रिकेट मैच का आयोजन किया। स्कूल प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने बच्चों को अध्यापक दिवस के बारे में बताया। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ठ ने अध्यापकों को अध्यापक दिवस की बधाई दी। इसी प्रकार सरस्वती विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल के प्रबंध निदेशक निर्मल ठाकुर ने शिक्षकों को बधाई दी। शिशु मॉडन पब्लिक स्कूल ललड़ी में भी शिक्षक दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पालकवाह में शिक्षक दिवस प्रधानाचार्य जरनैल भट्टी की अध्यक्षता में मनाया गया। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष सतपाल सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर समूह गान एवं एकल गान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता कर्ण मनकोटिया, चंदन भारद्वाज, संजीव कौशल, नीलम राणा, दामिनी शर्मा, बलवीर चंद, आशा रानी, अजीत आदि मौजूद थे। उधर, राजकीय प्राथमिक स्कूल कुठार कलां में शिक्षक दिवस पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब वाहवाही लौटी। इस मौके पर मुख्य शिक्षिका लता रानी, विजय कुमार, निशा स्याल, गुलशन रानी, अजीत सिंह सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
इसी प्रकार क्षेत्र के कोटला कलां स्थित कन्या महाविद्यालय में शिक्षा समिति के अध्यक्ष कंवर हरि सिंह ने भारत के दूसरे राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधा कृष्णन के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को गुरु एवं शिष्य के रिश्ते की दशा और दिशा के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के महासचिव डा. रविंद्र सूद, महाविद्यालय के प्राचार्य बीके शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts