गुच्छी ने बदल दी लोगों की तकदीर

बंजार (कुल्लू)। गुच्छी के व्यापार के लिए प्रदेशभर में अव्वल जिला स्तरीय बंजार मेले में इस बार गुच्छी विक्रेताओं को शानदार दाम मिल रहे हैं। इलाके के लोगों को गुच्छी की बंपर पैदावार के साथ आसमान छूने वाला भाव मिल रहा है। एक तरह से बंजार मेला इस बार गुच्छी उत्पादकों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है।
बंजार मेले में गुच्छी बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। अप्रैल में इकट्ठा कर लोग बंजार मेले में गुच्छी बेचने पहुंचते हैं। इन्हें घर में सूखाकर रख लिया जाता है ताकि यह खराब न हो। इस बार बंजार मेले में गुच्छी के प्रतिकिलो ग्यारह हजार रुपये दाम चल रहे हैं। इसे लेकर खासकर महिलाएं काफी खुश हैं।
बंजार घाटी के लोग जंगल में जाकर गुच्छी को बड़े पैमाने पर ढूंढकर इकट्ठा करते हैं। यही नहीं गुच्छी स्वास्थ्य के लिहाज से भी काफी लाभकारी मानी जाती है। इसका उत्पादन प्राकृतिक तौर पर होता है। वैज्ञानिक अभी तक इसके उत्पादन की विधि नहीं खोज पाए हैं। लिहाजा दुर्गम क्षेत्रों में पाई जाने वाली गुच्छी इकट्ठा करने से लेकर इसे सूखाने तक लोगों को खासी मेहनत करनी पड़ती है। लेकिन इस बार मिल दामों से लोगों में कमाल का जोश है।
गुच्छी बेचने आए बंजार के मोहर सिंह, शिल्ह गांव के राजू, कमला, हीरा देवी, राम दासी,कला देवी तथा संगीता, लीला,बिटू और बलवीर ने कहा इस बार उन्हें दोहरी खुशी मिली है। एक ओर गुच्छी की बंपर पैदावार और ऊपर से शानदार रेट मिला है। कहा कि अच्छी पैदावारी से क्षेत्र के ग्रामीणों की आमदनी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि गुच्छी का भाव उन्हें उम्मीदों से कहीं अधिक मिला है। बंजार मेले में आए गुच्छी व्यापारी मेघ सिंह तथा तारा चंद ने कहा कि गुच्छी को काफी ऊंचे दाम में खरीदा जा रहा है। आने वाले दिनों में इसके दाम में और वृद्धि होने की संभावना है।

Related posts