
ऊना। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कैजुअल कलाकारों ने ऊना विकास खंड के तहत कोटलाखुर्द एवं लालसिंगी पंचायतों में प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रचार किया। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कलाकारों तेजेंद्र सिंह बागी, रविंद्र कुमार एवं उपेंद्र कुमार ने अपने गीत ‘हिमाचल हमारा प्यारा-प्यारा, नई-नई योजनाओं का अनोखा नजारा’ तथा नाटिका ‘नई सवेर’ के माध्यम से जहां कौशल विकास भत्ता योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजनाओं और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना आदि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, वहीं अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का भरपूर मनोरंजन भी किया।
इसके अलावा राजकुमारी, पूनम व शुभम ने गीत-संगीत के माध्यम से सरकार की योजनाओं का बखान करने के साथ-साथ ग्रामीणों से नशाखोरी से दूर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर तकनीकी सहायक प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित किया। इस मौके पर कोटलाखुर्द पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत के प्रधान संजीव कुमार, उप प्रधान सुरेंद्र कुमार, वार्ड मेंबर शशिबाला, बचनी देवी, रीता देवी, ममता देवी एवं इकबाल सिंह और ग्राम पंचायत लालसिंगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान हंसराज, उप प्रधान टेक चंद, वार्ड सदस्य स्वरूप सिंह, कुलदीप, निर्मला देवी, स्वर्णी देवी एवं रीटा देवी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
