गिफ्ट लेने जा रहे युवक को बस रौंदा

नई दिल्ली। बहन के लिए गिफ्ट लेने जा रहे बाइक सवार अंकित (28) को सोमवार रात डीटीसी की लो फ्लोर बस ने टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सीमा विवाद को लेकर रूपनगर और सब्जी मंडी थाने की पुलिस उलझी रही। इस दौरान करीब दो घंटे तक शव वहीं पड़ा रहा। इससे नाराज लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। आला अधिकारियों के आदेश पर मामला दर्ज कर सब्जी मंडी थाना पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आर्यपुरा निवासी अंकित प्रॉपर्टी का काम करता था। रक्षाबंधन पर मंगलवार को उसे पास ही में रहने वाली बहन के घर जाना था। रात में वह बहन के लिए गिफ्ट लेने घंटाघर स्थित बाजार जा रहा था। इस दौरान रोशनआरा रोड स्थित लाला राम अखाड़ा के पास पीछे से आ रही डीटीसी (रूट नंबर 137) की लो फ्लोर बस ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद लोगों आरोपी बस चालक को दबोच लिया। सूचना मिलने पर रूपनगर और सब्जी मंडी थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। इस पर लोगों से हंगामा करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। अंकित के रिश्तेदार सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस की लापरवाही से इतनी देर तक शव सड़क पर पड़ा रहा। अंकित की आठ माह पहले ही शादी हुई थी

Related posts