गायों की मौत पर मामला दर्ज

कुल्लू। भुंतर के जिया स्थित पार्वती नदी किनारे मृत पड़ी दर्जनों गायों के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच का जिम्मा डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने एसडीएम कुल्लू डॉ. सुरेश जसवाल को सौंपा है। शुक्रवार को कुल्लू प्रशासन की टीम जिया घटनास्थल पर पहुंची और वास्तु स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम के साथ एएसपी कुल्लू निहाल सिंह, तहसीलदार कुल्लू, उपनिदेशक पशु पालन विभाग डा. विशाल, डा. दिनेश, डा. रणधीर, एसएचओ कुल्लू नील चंद, फार्मासिस्ट कृष्ण व प्रेम के अलावा पुलिस कर्मी, स्थानीय पंचायत प्रधान तथा एनिमल वेलफेयर संस्था के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। पुलिस ने घटनास्थल वाली जगह को अपने कब्जे में ले लिया है।
मौके का जायजा लेने के बाद जिला प्रशासन ने मृतक गायों को दबाने का निर्णय लिया है। उधर, मामले को लेकर कुल्लू थाने में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा-11 (1) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने कहा कि मामला काफी गंभीर है। घटना को किन लोगों ने अंजाम दिया है, इसको लेकर घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि शनिवार को मृतकगायों को दफनाया जाएगा, इसको लेकर लोनिवि को आदेश जारी कर दिए हैं।

Related posts