
हमीरपुर। गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। गर्भवती महिलाओं को सुबह 10 बजे तक उपचार सुविधा मिल सकेगी। वहीं गायनी विशेषज्ञ वार्ड राउंड के बाद भी गर्भवती महिलाओं को उपचार सुविधा प्रदान करेंगे।
क्षेत्रीय अस्पताल में वर्तमान में एकमात्र गायनी विशेषज्ञ डॉ. दिनेश शामा तैनात हैं। हालांकि अस्पताल में प्रतिदिन उपचार को कई गर्भवती महिलाएं पहुंच रही हैं। ऐसे में गायनी विशेषज्ञ सुबह साढ़े नौ बजे से अस्पताल पहुंच रहे हैं और गर्भवती महिलाओं के उपचार के बाद वार्डों का राउंड कर रहे हैं। इसके बाद दोबारा गर्भवती महिलाओं को उपचार सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।
विशेषज्ञों की कमी के चलते गर्भवती महिलाओं को उपचार आदि लेने में परेशानियों से जूझना पड़ रहा था। कई गर्भवती महिलाओं को दिनभर इंतजार करने के बावजूद मायूस होकर वापस घर लौटना पड़ रहा था। महिलाओं की समस्या के मद्देनजर गायनी विशेषज्ञ क्षेत्रीय अस्पताल में अतिरिक्त सेवाएं दे रहे हैं। देरशाम तक महिलाओं का चैकअप किया जा रहा है जिससे महिलाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीआर कटवाल का कहना है कि अस्पताल पहुंच रहे प्रत्येक रोगी को बेहतर उपचार मुहैया करवाना अस्पताल प्रबंधन का लक्ष्य है। अतिरिक्त समय में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों के कार्यों की सराहना की है।
