
गगरेट (ऊना)। गगरेट के टटेहड़ा इलाके में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जब कोई गवाह न मिला तो आरोपी को जमानत मिल गई। जमानत मिलने की खुशी को शायद वह पचा नहीं पाया और अपनी हरकतों से दोबारा कानून के शिकंजे में फंस गया। अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दोबारा मामला दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। अबकी बार महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने भादंसं की धारा 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार थाना गगरेट के तहत प्रोमिला कु मारी निवासी गांव टटेहड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई कि उन्होंने इसी गांव के जसविंदर सिंह के खिलाफ बीते माह 14 अगस्त को एक अभियोग दर्ज करवाया था। इसमें जसविंदर सिंह को अभियोग में गवाही के अभाव के कारण जमानत मिल गई थी। उसके बाद जसविंदर सिंह ने इस महिला और इसके पति को मोबाइल पर दोबारा फोन किया और गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपी पर महिला ने डराने धमकाने का भी आरोप जड़ा है। अबकी बार आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य होने के कारण महिला ने दोबारा थाने का दरवाजा खटखटाया और एफआईआर दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि उन्हें तथा उनके पति और पूरे परिवार को आरोपी से खतरा है। पुलिस ने महिला की काल्स डिटेल भी खंगाली है, जिसमें आरोपी की ओर से बार-बार फोन किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। जिला पुलिस कप्तान अनुपम शर्मा ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
