
नई दिल्ली। नरेला क्षेत्र में मंगलवार रात कार सवार बदमाशों ने एक हार्डवेयर कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल रख जान मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रमेश गर्ग (42) सपरिवार शिवाजी नगर में रहते हैं। उनकी लामपुर अंडरपास के पास दुकान है। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद वे अपने नौकर जगदंबा के साथ घर के लिए रवाना हुए। दोनों जैसे ही अपनी स्कूटी के पास पहुंचे तो सफेद रंग की एक कार उनके पास आकर रुकी। कार में तीन युवक सवार थे। जिसमें से दो युवक नीचे उतर कर उनके पास आए। दोनों ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। एक युवक ने रमेश से रुपयों से भरा बैग देने के लिए कहा। विरोध करने पर दूसरे युवक ने पिस्टल निकालकर रमेश की कनपटी पर लगा दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद रमेश ने बैग बदमाशों के हवाले कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश कार पर सवार होकर फरार हो गए। रमेश ने बताया कि बैग में पांच लाख रुपये थे। उसने बताया कि, बदमाशों की उम्र करीब 25 से 28 साल के बीच थी। पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
