गगरेट में मूसलाधार बारिश

गगरेट/ओयल (ऊना)। गगरेट क्षेत्र में वीरवार शाम मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। गगरेट-पंजावर-ऊना मार्ग पर भारी मलबा तथा भीमकाय पेड़ गिर जाने से मार्ग बंद रहा। शाम करीब साढ़े चार बजे क्षेत्र में भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा। कई दुकानदार तो अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करके घरों को चले गए। गगरेट ऊना मार्ग पर मवां सिंधिंया खड्ड का जलस्तर एकाएक बढ़ गया। खड्ड का पानी सड़क के ऊपर से गुजरने लगा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस मार्ग पर कई स्कूली, आईटीआई और कालेजों के छात्र भी जाम में फंस गए। शाम करीब साढ़े छह बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। धीरे-धीरे जलस्तर कम होने के कारण मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया। फिर भी कई वाहन चालक पानी के बीच से वाहन को आगे निकालने से कतराते रहे। दूसरी ओर सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के लिए लोनिवि ने भी मशीनरी और मेन पावर को तैनात कर दिया था। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़कों पर गिरे मलबे और पेड़ों को हटाया गया। जाम में फं से गगरेट के राजकुमार, सुरेंद्र कुमार, तिलक राज, यशपाल, ऊना के धीरज, अश्वनी, नीरज पुरी, छात्र छात्राएं कनिका, आभा कुमारी, शीतल, ऋतु, दीपिका, साक्षी राणा, अंजलि शर्मा, वैभव, तिजेंद्र, कार्तिक, उमेश, पंकज, नीतिश, सुशील, बॉबी, वरुण व मोहित आदि ने बताया कि वे दो घंटे तक जाम में फं से रहे। उन्होंने कहा कि खड्ड का जलस्तर बढ़ने और सड़क पर मलबा तथा भीमकाय पेड़ गिरे होने से सड़क बंद हो गई थी। उधर, लोनिवि के एसडीओ एसके अग्निहोत्री ने कहा कि बारिश के कारण यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने कहा कि कुछ देर बाद यातायात को बहाल करवा दिया गया था।

Related posts