गगरेट-मुबारिकपुर सड़क पर हादसा

अंब (ऊना)। क्षेत्र के गगरेट-मुबारिकपुर रोड पर सोमवार सुबह घनी धुंध के दौरान बाइक और ट्रक में भिड़ंत हो गई। इसमें दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायलों को पीजीआई रेफर किया गया। जिन्हें उनके परिजन पंजाब के होशियारपुर ले गए हैं। घायलों में एक होम गार्ड जवान भी शामिल है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बाइक को टक्कर मारने वाला ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। घनी धुंध के कारण जिला में चार दिन के दौरान यह चौथा बड़ा हादसा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव कुमार पुत्र गुरवचन सिंह निवासी दियोली सोमवार सुबह अपने दोस्त ज्योति प्रकाश पुत्र ओम प्रकाश निवासी गगरेट के साथ अपने मोटर साइकिल नंबर एचपी 19 4564 पर सवार होकर अपने काम से अंब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर पहुंचे तो दूसरी तरफ से एक आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान दोनों घायलों को फौरन उपचार के लिए अंब के अस्पताल लाया गया। उनकी नाजुक होती हालत के चलते उन्हें रेफर कर दिया गया। घायलों ज्योति प्रकाश नामक युवक होम गार्ड जवान है। दोनों घायलों को उनके परिजन उपचार के लिए पंजाब के होशियारपुर ले गए हैं। पुलिस ने घटना के संदर्भ में आईपीसी की धारा 279, 337 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के अंतर्गत अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts