गगनेजा हत्याकांडः राजनीतिज्ञों व गैंगस्टरों के बीच रिश्तों को खंगाल रही CBI

  • गगनेजा हत्याकांडः राजनीतिज्ञों व गैंगस्टरों के बीच रिश्तों को खंगाल रही CBI

जालंधर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह-संघचालक स्व. जगदीश गगनेजा की हत्या के मामले में जांच कर रही सी.बी.आई. ने इस मामले से जुड़ी कडिय़ों के आधार पर काम करना आरंभ कर दिया है। जांच के लिए जालंधर में कैम्प ऑफिस स्थापित किया गया है जहां पर सी.बी.आई. के अधिकारी अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार स्व. गगनेजा की हत्या की जांच के लिए सी.बी.आई. ने उनसे जुड़े लोगों से पूछताछ का क्रम आरंभ कर दिया है। इसी के तहत सी.बी.आई. की टीम ने भाजपा के नेता सुखमिंद्र पाल सिंह ग्रेवाल को बुला कर उनके बयान कलमबद्ध किए। ग्रेवाल ने स्व. गगनेजा पर हमले के बाद एक बयान जारी कर उन पर हमले के पीछे राजनीतिज्ञों तथा गैंगस्टरों के बीच के रिश्तों की भूमिका होने का संदेह जताया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग निजी फायदे के लिए गैंगस्टरों का प्रयोग कर रहे हैं जिस कारण राज्य में इन दिनों घटनाएं बढ़ गई हैं। सूत्र बताते हैं कि इसी आधार पर ग्रेवाल से आज पूछताछ की गई तथा उनसे राजनीतिज्ञों के बारे जानकारी हासिल की गई है।
आने वाले दिनों में इस संबंध में स्व. गगनेजा के करीब रहे कुछ अन्य लोगों से भी सी.बी.आई. की तरफ से पूछताछ की जा सकती है। वैसे सूत्र बताते हैं कि अभी तक जांच एजैंसी को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई है। गौरतलब है कि गत 6 अगस्त को जालंधर के ज्योति चौक में संघ के प्रांत सह-संघचालक जगदीश गगनेजा पर हमला किया गया है। उन पर 2 युवकों ने फायरिंग की जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। पहले जालंधर तथा बाद में लुधियाना में डी.एम.सी. अस्पताल में उनका इलाज चला लेकिन 22 सितम्बर को सुबह उनका निधन हो गया। मामले को लेकर पहले पंजाब सरकार अपने स्तर पर जांच कर रही थी लेकिन बाद में जांच सी.बी.आई. को सौंप दी गई थी।

Related posts