
चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी के निकटवर्ती गांव धर्मशाला महंता के सैकड़ों लोग गंदा पानी पीने को विवश हैं। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। गांव के लोगों ने कई बार विभाग से इस बारे में शिकायत भी की है, लेकिन सिवाय आश्वासनों के विभाग ने कुछ नहीं किया। गांव के प्रधान राम चंद, उपप्रधान राजीव सिंह व गांव वासियों में शंभू दत्त, मनोज कुमार व अनीता शर्मा ने बताया कि यदि गांव में कोई बीमारी फै लती है तो इसके लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ही जिम्मेदार होगा।
ग्राम पंचायत के उपप्रधान राजीव सिंह ने बताया कि विभाग से वे लिखित शिकायत भी कर चुके हैं एवं कई बार मौखिक रूप से भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन विभाग की ओर से अभी तक कोई भी उचित कार्रवाई न हो पाने से गांववासियों में भारी रोष व्याप्त है। विभाग ने यदि अब भी कोई कार्रवाई नहीं की तो गांव वासियों द्वारा विभाग के विरुद्ध रोष प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि जिला प्रशासन के खिलाफ भी लोग उग्र प्रदर्शन करने से कतई पीछे नहीं हटेंगे। उधर, आईपीएच विभाग के एक्सईएन हरेंद्र भारद्वाज का कहना है कि इस मामले के बारे में उन्हें मीडिया से ही जानकारी मिली है। मामले की जांच कर शीघ्र ही गांववासियों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।
