
काईस (कुल्लू)। जिले के नदी नालों को गंदा करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने कुल्लू, भुंतर और मनाली शहर में कार्रवाई कर गंदगी फैलाने पर तीन सौ लोगों के चालान काटे हैं। इसके अलावा आईपीएच विभाग ने भी सीवरेज कनेक्शन न लेने पर जिला के करीब 600 परिवारों को नोटिस जारी किए हैं।
डीसी राकेश कंवर ने बताया कि नदी-नालों में कूड़ा-कचरा न फेंकने को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त दिशानिर्देश दे रखे हैं। समय-समय पर इसे लेकर निरीक्षण भी किया जा रहा है। तीन सौ लोगों के चालान काटे हैं। उन्होंने कहा कि नदी नालों को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ लोगों का भी सहयोग जरूरी है। चालान कुल्लू भुंतर का कार्यभार संभाल रहे मनाली नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी महेंद्र सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट से इस संदर्भ में सख्त निर्देश मिले हैं। ब्यास को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा जहां-तहां कूड़ा कर्कट फेंकने पर करीब तीन सौ लोगों के चालान भी काटे गए हैं।
ट्रीटमेंट के पास छोड़ा जाता है पानी
आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता पीवी वैद्य ने बताया कि सीवरेज कनेक्शन लेने में आनाकानी कर रहे मनाली, भुंतर और कुल्लू के करीब 600 परिवारों को नोटिस भेजे हैं। कुल्लू में साढ़े तीन सौ, भुंतर में 200 और मनाली में 24 परिवारों को सीवरेज कनेक्शन लेने के लिए नोटिस भेजे हैं। सीवरेज के गंदे पानी को ट्रीटमेंट करने के बाद ही ब्यास में छोड़ा जाता है।
