
सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर में दुकानों के बाहर गंदगी फैलाई या अतिक्रमण किया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नपं ने दुकानदारों की सूचना के लिए नोटिस जारी किया है। बाकायदा नोटिस पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। नोटिस में दुकानदारों को 21 जून से पहले दुकानों के बाहर से गंदगी और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। दमकल विभाग की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर नपं, एसपी हमीरपुर और एसडीएम को अवगत करवाया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। तहसीलदार सुजानपुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लेकर 21 जून तक का समय दिया गया था, उसके पश्चात कोई भी दुकानदार अतिक्रमण करता है या दुकान के बाहर गंदगी फैलाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई। इसी क्रम में वीरवार को नोटिस सर्कुलेट किया गया और सभी दुकानदारों के हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं। उधर, नगर पंचायत सुजानपुर के सचिव जगपाल ठाकुर का कहना है कि अतिक्रमण हटाने को लेकर सभी दुकानदारों के नोटिस पर हस्ताक्षर ले लिए गए हैं। अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
