
नई दिल्ली: आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में अपने दामाद गुरूनाथ मयप्पन के चलते बुरे फंसे बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के इस्तीफे की मांग बढ़ती जा रही है। अब खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी श्रीनिवासन का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा है कि श्रीनिवासन को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जितेंद्र सिंह ने कहा श्रीनिवासन को नैतिकता के आधार पर अपना इस्तीफा दे देना चाहिए।
इससे पहले भाजपा सांसद और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरजेदी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव श्रीनिवासन से इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। हालांकि कल जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अबदुल्ला ने श्रीनिवासन का समर्थन करते हुए कहा था कि जब उन्होंने कोई गलती नहीं की है तो उन्हें इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं है। वहीं श्रीनिवासन भी अपना इस्तीफा न देने को लेकर अड़े हुए हैं।
