खेल-खेल में पढ़ाई करेगा लाडला

नई दिल्ली। दिनभर खेलोगे तो पढ़ोगे कब। अभिभावकों को अब अपने बच्चों से यह नहीं कहना पड़ेगा। क्योंकि अब बच्चा खेलेगा तभी तो पढ़ेगा। जी हां, दिल्ली पुस्तक मेले में बच्चों व उनके शिक्षा को लेकर प्रकाशक खास तैयारी करके आए हैं। जो कार्टून देखकर बच्चे बिगड़ रहे हैं वही कार्टून कैरेक्टर उन्हें पढ़ाते हुए नजर आएंगे। पढ़ाई में बच्चों की रुचि बनी रहे इसके लिए अलग-अलग आकार की थ्री डी बुक मेले में मौजूद हैं।
अलग-अलग शेप की किताबें
मेले में इस बार किताबों के साथ बच्चों को ईजी फील कराने के लिए अलग-अलग आकार की किताबें मौजूद हैं। यह वो आकार है जो कि बच्चे कार्टून में देखते हैं या आस-पास उनके खेलने वाली चीजों जैसी होती है। हाल नंबर 11 में विश्व बुक्स प्रकाशक ने तो बच्चों की कहानी की किताब में पूरा जंगल का शेप बना दिया है। यानी किताब खोलते ही जंगल में मौजूद पेड़, जानवर का शेप बन जाता है।

थ्री डी व मल्टीमीडिया बुक्स
मेले में आधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल करके बनाया गया थ्री डी बुक भी मौजूद है। इसमें एक ही पन्ने में एक ही चीज को अलग-अलग तरीके से देख सकते हैं। मेले में बच्चों के लिए मल्टीमीडिया अध्ययन सामग्री का खजाना है। वह फिर गणित के सवाल का हल हो या केमिस्ट्री की मिस्ट्री। ज्यादातर किताबों के साथ सीडी दी जा रही है। अगर बच्चा किताब पढ़कर ऊब जाए तो वह सीडी देख व सुनकर पढ़ाई कर सकता है।

कार्टून कैरेक्टर संग पढ़ाई
कार्टून कैरेक्टर अब किताबों के पन्नों पर आपके बच्चों को पढ़ाते नजर आएंगे। मेले में आए एक प्रकाशक ने बताया कि, बच्चे कार्टून कैरेक्टर के साथ ज्यादा ईजी फील करते हैं और पढ़ाई करते हैं। इससे उन्हें कोई चीज समझाना व बताना ज्यादा आसान होता है।

माइंड पावर गेम्स भी मौजूद
लाडले का दिमाग तेज करना है तो उसके लिए माइंड पावर गेम्स मौजूद हैं। इससे तेज दिमाग के साथ अंगों के बीच समन्वय, संयम व ध्यान बढ़ाने के गेम्स मौजूद हैं। इसमें पजल्स के अलावा बॉल इन द कप है तो क्यूबिट-9 जैसे गेम्स भी। बच्चों का ध्यान बढ़ाने के लिए थर्ड आई बुक है, जिसमें छुपे चित्रों को ढूंढना होता है।

Related posts