
अंब/मैड़ी (ऊना)। मुबारिकपुर कस्बे में एक वर्षीय बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। खेल खेल में ही मासूम बच्ची काल का ग्रास बन गई। मृतक बच्ची की उम्र महज एक वर्ष थी। वह घर में खेलते खेलते अचानक बाथरूम में घुस गई और पानी से भरी बाल्टी में डूब गई। जब तक परिजनों की नजर मासूम पर पड़ी तो तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना से मुबारिकपुर क्षेत्र में मातम छा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल अंब के तहत मुबारिकपुर कस्बे में बुधवार को दोपहर के समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। सानिया पुत्री सुभाष चंद खेलते हुए बाथरूम में घुस गई और वहां पानी से भरी बाल्टी में गिरने से उसकी मौत हुई। बच्ची ने पानी से भरी बाल्टी में गिरने के बाद तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। पानी से भरी बाल्टी में बच्ची का सिर बाल्टी के तल की ओर था। परिजनों ने जब उसे देखा तो वे उसे तुरंत सीएचसी अंब लेकर आए, जहां डाक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अंब में तैनात डा. पंकज पराशर ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था, परंतु उसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इस संबंध में अंब पुलिस को सूचित कर दिया गया है। उधर, इस संबंध में बात करने पर अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने मृतक बच्ची के परिजनों के बयान दर्ज करके धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। उन्होंने कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है
