खेल-खेल में गई मासूम की जान

नई दिल्ली। मदारी के खेल की नकल करना नौ साल के मासूम के लिए जानलेवा बन गया। उत्तर-पश्चिम जिला के भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार को बच्चे ने मदारी का खेल देखकर खुद के गले में फंदा डाल दिया जिससे उसका दम घुट गया। मृतक की शिनाख्त आशीष (9) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक कटरा बाबा आश्रम, भलस्वा डेयरी में सुनील झा का परिवार रहता है। शुक्रवार दोपहर को उनके मोहल्ले में एक मदारी बंदर का खेल दिखाने आया था। सुनील का नौ वर्षीय बेटा आशीष तमाशा देखने चला गया। मदारी के चले जाने के बाद आशीष अपने छोटे बहन-भाई के साथ खेलने लगा। उसने प्लास्टिक का पाइप लेकर अपने गले में डाल दिया और बंदर की तरह नचाने का नाटक करने लगा। इसी दौरान पाइप का फंदा उसके गले में फंस गया। बेहोशी की हालत में मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार उसने दम तोड़ दिया। मामले पर उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. पी करुणाकरन ने बताया कि शुरूआती जांच के बाद खेल-खेल में बच्चे की मौत का पता चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला साफ हो जाएगा।

Related posts